NEET पेपर लीक के खिलाफ 25 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने जारी किया वीडियो संदेश, छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तारीफ की


नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले 25 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का वीडियो संदेश सामने आया है। अपने संदेश में उन्होंने अपनी सेहत की जानकारी देते हुए कहा कि 25 दिनों के अनशन के दौरान उनका करीब 11 किलोग्राम वजन कम हो चुका है और उनकी मांसपेशियां भी कम होने लगी हैं।


सोनम वांगचुक ने कहा कि वह अभी जिंदा हैं और उनका अनशन जारी है। उन्होंने बताया कि उन्हें पिछली रात सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में लाया गया है।
‘25वें दिन मेरा करीब 11 किलो वजन कम हो चुका है’
वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा, “मैं अभी जिंदा हूं। यह मेरे अनशन का 25वां दिन है। 25वें दिन तक मेरा लगभग 11 किलो वजन कम हो चुका है और काफी मांसपेशियां भी कम होने लगी हैं। मगर मैं ठीक हूं।”
उन्होंने कहा कि उनकी सेहत को लेकर चिंता की जा रही है, लेकिन वह अपने मुद्दे पर मजबूती से कायम हैं।


छात्रों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ
सोनम वांगचुक ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों ने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और कई मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद संयम बनाए रखा।
उन्होंने कहा, “मैं उन सभी छात्रों की सराहना करना चाहता हूं, जिन्होंने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार किया। उन्होंने खुद पर लाठियां खाईं, लेकिन वापस कोई हमला नहीं किया।”
वांगचुक ने आगे कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों को काफी उकसाया गया और कुछ तत्वों द्वारा पत्थर फेंकने की कोशिश भी की गई, लेकिन इसके बावजूद छात्रों ने धैर्य नहीं खोया।
“काफी उकसावे और कुछ तत्वों द्वारा पत्थर फेंकने की कोशिशों के बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा। यह देखकर मेरा दिल पिघल गया,” उन्होंने कहा।
‘छात्रों पर कानूनी कार्रवाई रुकी तो आज ही तोड़ दूंगा अनशन’
सोनम वांगचुक ने अपने वीडियो संदेश में यह भी कहा कि अगर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई रोक दी जाती है, तो वह आज ही अपना अनशन समाप्त कर देंगे।
उनका कहना है कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है।


NEET पेपर लीक के खिलाफ जारी है विरोध
NEET परीक्षा और पेपर लीक से जुड़े विवादों के बीच देशभर में छात्रों और अभ्यर्थियों की ओर से लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है। सोनम वांगचुक भी इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से अनशन पर हैं।


अब उनके इस वीडियो संदेश के बाद एक बार फिर छात्रों पर हुई कार्रवाई और उनके खिलाफ संभावित कानूनी कार्रवाई का मुद्दा चर्चा में आ गया है। वांगचुक ने साफ कर दिया है कि छात्रों पर कार्रवाई रोकना उनके लिए सबसे अहम मांगों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *