नई दिल्ली: दिल्ली में चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों के समय में बदलाव किया है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए अब दिल्ली में शराब की दुकानें सामान्य समय से दो घंटे पहले, रात 8 बजे तक ही बंद हो जाएंगी।
आमतौर पर दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुलती हैं। हालांकि, इस सप्ताह के अंत तक दुकानों को रात 8 बजे बंद करने का आदेश जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि यह फैसला पुलिस से मिली सुरक्षा संबंधी जानकारी के आधार पर लिया गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार और शुक्रवार को भी कई शराब की दुकानें बिना पूर्व सूचना के जल्दी बंद कर दी गई थीं, जिसके चलते ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा।
दिल्ली में फिलहाल 725 से अधिक सरकारी शराब की रिटेल दुकानें संचालित हो रही हैं। सितंबर 2022 में पुरानी आबकारी नीति लागू होने के बाद से दिल्ली में निजी शराब की दुकानों को बंद कर दिया गया था।
