अभिजीत दीपके को क्यों धमकी आई की बीजेपी ज्वाइन कर लो, क्यों घर छोड़ना पड़ा?

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की मां का सनसनीखेज दावा, बोलीं- ‘BJP में शामिल होने का था दबाव, मिली थीं जान से मारने की धमकियां’


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने एक स्थानीय मराठी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अभिजीत पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर परिवार को जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां मिली थीं।


अनीता दीपके के अनुसार, आंदोलन शुरू होने के कुछ समय बाद अभिजीत को एक धमकी भरा वीडियो मिला था। शुरुआत में उन्होंने अपनी मां को वीडियो नहीं दिखाया, लेकिन बाद में परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी। अनीता का आरोप है कि वीडियो में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि यदि अभिजीत बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके माता-पिता को नुकसान पहुंचाया जाएगा।


परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभिजीत ने अपने माता-पिता को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। इसके बाद अनीता दीपके और उनके पति भगवान दीपके छत्रपति संभाजीनगर छोड़कर कोंकण क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर चले गए।


16 दिन तक रिश्तेदार के घर रहे


अनीता दीपके ने बताया कि परिवार ने करीब 16 दिन कोंकण में बिताए। इस दौरान अभिजीत उनके साथ नहीं थे, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति भगवान दीपके लो ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं, इसलिए मानसिक तनाव का असर उन पर अधिक पड़ रहा था।


वहीं भगवान दीपके ने कहा कि सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर काम करने वालों को कई बार विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ता है।


आंदोलन के बाद घर लौटे अभिजीत
अभिजीत दीपके अब अपने आंदोलन के बाद वापस छत्रपति संभाजीनगर लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता से दोबारा मिलकर उन्हें राहत और खुशी महसूस हो रही है। उनके अनुसार, छात्रों के हितों को लेकर चलाया गया आंदोलन सफल रहा और यह देशभर के छात्रों की बड़ी जीत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *