19 Sep 2026, 06:05 PM

कंगना रनौत ने ‘गटर जेनरेशन’ बयान पर दी सफाई, बोलीं- सभी युवाओं को नहीं कहा था
नई दिल्ली: अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत अपने ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। Gen Z के कुछ युवाओं और महिलाओं पर की गई अपनी टिप्पणी को लेकर आलोचना झेलने के बाद कंगना ने अब सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका निशाना पूरी युवा पीढ़ी नहीं, बल्कि युवाओं का एक खास वर्ग था।
‘कॉकरोच’ वाले बयान पर कंगना की सफाई
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कंगना ने कहा कि उनकी टिप्पणी उन लोगों को लेकर थी, जो कथित तौर पर खुद को ‘कॉकरोच’ कहते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अगर कोई व्यक्ति खुद को कॉकरोच कहता है, तो उसके ‘गटर’ से जुड़े उदाहरण पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
कंगना ने कहा कि वह खुद को कॉकरोच नहीं मानतीं और अगर कोई उन्हें गटर में रहने वाला कहेगा तो वह इसका विरोध करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान को पूरी युवा पीढ़ी से जोड़ना गलत है।
‘मैंने सभी युवाओं की बात नहीं की’
कंगना ने कहा कि उन्होंने किसी पूरी जनरेशन के बारे में सामान्य टिप्पणी नहीं की थी। उनके मुताबिक, उन्होंने कुछ खास लोगों और महिलाओं के व्यवहार का जिक्र किया था।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर युवाओं के किसी वर्ग में ड्रग्स, सट्टेबाजी, जुआ या डार्क वेब जैसी चीजों की लत की चर्चा होती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि सभी युवा उसी तरह के हैं।
क्या था कंगना का ‘गटर जेनरेशन’ बयान?
दरअसल, जंतर-मंतर पर हुए Gen Z के विरोध प्रदर्शनों के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने प्रदर्शनों में इस्तेमाल भाषा और युवाओं के व्यवहार की आलोचना करते हुए उन्हें ‘जेनरेशन गटर’ कहा था।
कंगना ने यह भी आरोप लगाया था कि प्रदर्शन कर रहे कुछ युवाओं के पास सिस्टम को देने के लिए कुछ नहीं है और वे पढ़ाई-लिखाई में भी अच्छे नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
अब कंगना ने अपने बयान का बचाव करते हुए साफ किया है कि उनका निशाना पूरी युवा पीढ़ी नहीं था, बल्कि एक विशेष वर्ग था।
‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं कंगना
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत हाल ही में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं। मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल की नर्सों और स्टाफ की भूमिका पर आधारित है। फिल्म 14 अगस्त से ZEE5 पर स्ट्रीम होने वाली है।




