20 Nov 2026, 01:41 AM

दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर गली सत्तारा, शीश महल में मेट्रो स्टेशन के सामने इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और अधिकारी भी मौके पर भेजे गए। फिलहाल दमकल विभाग की कुल छह गाड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
मलबे में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और सुबह करीब 10 बजे अचानक पूरी बिल्डिंग ढह गई। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय इमारत में कई मजदूर और अन्य लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे में कुल कितने लोग फंसे हुए हैं और हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं।
घटनास्थल पर दमकल विभाग और पुलिस की टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं। चावड़ी बाजार का इलाका काफी संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कुछ परेशानियां आ रही हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है।
सत्य निकेतन हादसे की यादें फिर हुईं ताजा
दिल्ली में इमारत ढहने का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ समय पहले ही राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। छह सितंबर को वहां एक पांच मंजिला इमारत ढह गई थी, जिसमें पीजी संचालित किया जा रहा था। इस दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में ज्यादातर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र शामिल थे।
उस हादसे के बाद दिल्ली में जर्जर और असुरक्षित इमारतों की पहचान करने के लिए अभियान भी चलाया गया था। इसके बावजूद चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत के ढहने की घटना ने एक बार फिर भवन निर्माण की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


