झारखंड: प्रेमी ने 8 माह की गर्भवती प्रेमिका को जंगल ले जाकर किया कत्ल, अजन्मे बच्चे की भी मौत

रांची/खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के जंगल में 19 वर्षीय आठ महीने की गर्भवती युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम के दौरान गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को दोहरे हत्याकांड के रूप में दर्ज किया है।


पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी, 20 वर्षीय सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था और इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई थी।


बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी पर उसे और होने वाले बच्चे को अपनाने का दबाव बना रही थी। इसी बीच आरोपी ने कथित तौर पर दूसरी युवती को अपने घर में रख लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।


पुलिस जांच के अनुसार, युवती 2 सितंबर को अपने और अजन्मे बच्चे के अधिकार की मांग को लेकर आरोपी के घर पहुंची थी। इसके बाद वह 4 सितंबर से लापता हो गई। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।


रविवार को पंगुरा गांव के जंगल से युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। आरोप है कि वह युवती को बहला-फुसलाकर जंगल में ले गया और वहां उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।


फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *