19 Sep 2026, 05:45 PM

स्त्री सम्मान समृद्धि योजना: सपा का बड़ा चुनावी ऐलान, महिलाओं को हर साल ₹40 हजार से लेकर छात्राओं को लैपटॉप तक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला मतदाताओं को केंद्र में रखते हुए बड़ा चुनावी ऐलान किया है। महिला समानता दिवस के मौके पर सपा ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा की। पार्टी ने कहा है कि 2027 में सरकार बनने पर इस योजना को लागू किया जाएगा।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाज की आधी आबादी की भागीदारी के बिना विकास अधूरा है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक मजबूती को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कई बड़े वादे किए।
महिलाओं को हर साल ₹40 हजार की पेंशन
योजना के तहत वयस्क महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाने का ऐलान किया गया है। सपा नेता डिंपल यादव ने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम होगी।
महिलाओं के लिए अलग एम्बुलेंस सेवा
सपा ने महिलाओं के लिए समर्पित एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का भी वादा किया है। पार्टी का कहना है कि इससे महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में बेहतर और तेज सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इंटरमीडिएट पास छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप
अखिलेश यादव ने अपनी पिछली सरकार में बांटे गए लैपटॉप का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जाएगा।
छात्रों को फ्री मेट्रो कार्ड और बुजुर्गों को मुफ्त बस यात्रा
सपा ने छात्रों के लिए भी बड़ी घोषणा की है। अखिलेश यादव के मुताबिक, विश्वविद्यालय और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को फ्री मेट्रो कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा पार्टी ने बुजुर्गों के लिए मुफ्त बस यात्रा की योजना लाने की तैयारी की बात भी कही है।
छात्राओं को फिर मिलेगी साइकिल
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में छात्राओं को साइकिल दी गई थी और सत्ता में आने पर यह योजना फिर शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा तक पहुंच आसान बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना बताया गया है।
26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल खोलने का दावा
सपा प्रमुख ने प्रदेश के बंद पड़े करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने का भी ऐलान किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
बीजेपी पर अखिलेश का हमला
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारे तक सीमित रह गई है।
उन्होंने बीजेपी से अगले विधानसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने की मांग भी की। साथ ही हाल ही में योगी सरकार की ओर से 25 लाख युवा छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट देने की घोषणा पर भी अखिलेश ने तंज कसा।
2027 चुनाव से पहले सपा का महिला कार्ड
सपा की इन घोषणाओं में महिलाओं, छात्राओं, छात्रों और बुजुर्गों को सीधे तौर पर लक्षित किया गया है। ₹40 हजार वार्षिक सहायता, लैपटॉप, साइकिल, फ्री मेट्रो कार्ड, मुफ्त बस यात्रा और महिला एम्बुलेंस सेवा जैसे वादों के जरिए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपना चुनावी एजेंडा सामने रखना शुरू कर दिया है।



