न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गिरफ्तारी को लेकर अपने पुराने चुनावी वादे से यू-टर्न ले लिया है। ममदानी ने कहा है कि मौजूदा कानूनों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि न्यूयॉर्क शहर के प्रशासन के पास अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट को स्वतंत्र रूप से लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है।
ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा कि उनके प्रशासन ने सभी कानूनी विकल्पों की समीक्षा की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अगर नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं तो क्या शहर उनके खिलाफ ICC के गिरफ्तारी वारंट को लागू कर सकता है। उन्होंने कहा, “यह स्पष्ट है कि हमारे पास इस वारंट को लागू करने का स्वतंत्र कानूनी अधिकार नहीं है।”
हालांकि, ममदानी ने नेतन्याहू को लेकर अपना राजनीतिक रुख नहीं बदला है। उन्होंने एक बार फिर इजरायली प्रधानमंत्री को ‘वॉर क्रिमिनल’ यानी युद्ध अपराधी बताया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से अपील की कि सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के लिए नेतन्याहू के न्यूयॉर्क पहुंचने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ट्रंप पहले ही कर चुके हैं गिरफ्तारी से इनकार
ममदानी का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया था कि नेतन्याहू को अमेरिका में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा था कि “अमेरिका में रहने के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू को किसी भी तरह से गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।”
गौरतलब है कि मेयर पद के चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी ने कई बार कहा था कि अगर नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं तो वह उनकी गिरफ्तारी का आदेश देंगे। हाल ही में उन्होंने द न्यूयॉर्क टाइम्स मैगजीन को बताया था कि उनका प्रशासन नेतन्याहू के खिलाफ ICC के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने की संभावनाओं को लेकर शहर के कानून विभाग के साथ बातचीत कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *