
नई दिल्ली: छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस का कहना है कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और उनकी आवाज़ दबाने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में कांग्रेस सांसद के. सुरेश और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी शामिल हैं।
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे छात्रों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री से जवाब मांगने के लिए उनके आवास तक मार्च कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में जवाबदेही से बच रही है और संसद में इस विषय पर चर्चा नहीं होने देना चाहती। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को जवाब देना चाहिए।
घायल छात्रों से मिले राहुल और प्रियंका
इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने छात्रों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।