टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में योगी ने साधा सपा पर निशाना, बोले “अब दंगा और माफिया मुक्त है उत्तर प्रदेश”

लखनऊ में दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव का उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना और निवेशकों को दिया यूपी में निवेश का न्योता

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कुटीर उद्योग और वस्त्र उद्योग से जुड़े उद्यमियों को सम्मानित किया तथा टेक्सटाइल सेक्टर के विकास को लेकर सरकार की योजनाओं और भविष्य की रणनीति साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई टेक्सटाइल नीति और निवेश के अनुकूल माहौल का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। कॉन्क्लेव के दौरान करीब 5196 करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्तावों पर समझौते किए गए हैं। उन्होंने देश और विदेश के उद्योगपतियों से उत्तर प्रदेश में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश आज नीति, बुनियादी ढांचे, कुशल मानव संसाधन और बड़े बाजार के मामले में निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है।

सपा सरकार पर योगी का हमला

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना भी की। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” की स्थिति थी, जबकि उनकी सरकार ने इसे बदलकर “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट” की पहचान दी है।

योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में पेशेवर अपराधी और गुंडे अपनी समानांतर व्यवस्था चलाते थे और आम लोगों के सामने पहचान और सुरक्षा का संकट बना रहता था। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।

अब यूपी दंगा, माफिया और कर्फ्यू मुक्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और उद्योग लगाने का माहौल नहीं था। व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता था, ऐसे में उद्योग और फैक्ट्रियां सुरक्षित रहने की कल्पना भी मुश्किल थी।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, माफिया मुक्त और कर्फ्यू मुक्त प्रदेश बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोई माफिया खुलेआम जीप में घूमकर हथियार लहराने की हिम्मत नहीं कर सकता।

नई योजनाओं और पोर्टल का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टेक्सटाइल उद्योग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और सुविधाओं का शुभारंभ किया। इनमें—

– यूपी टेक्स मित्र पोर्टल
– हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना
– उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना

शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने वस्त्र एवं परिधान उद्योग से संबंधित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया और विभिन्न उत्पादों व आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया।

टेक्सटाइल सेक्टर में AI और आधुनिक तकनीक पर भी चर्चा

कॉन्क्लेव के पहले दिन आयोजित गोलमेज सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने वस्त्र उद्योग के विशेषज्ञों और उद्योगपतियों के साथ संवाद किया। इस दौरान टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने और निवेश बढ़ाने को लेकर सुझाव लिए गए।

पीएम मित्र वस्त्र पार्क और संत कबीर वस्त्र एवं परिधान पार्क में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया गया।

कार्यक्रम में आयोजित चार विशेष सत्रों में टेक्सटाइल उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक मशीनरी, नई तकनीक और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है और टेक्सटाइल सेक्टर आने वाले वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *