19 Sep 2026, 03:35 PM

एशिया कप जीतकर भारतीय महिला टीम ने फिर दिया पाकिस्तानी नकवी को संदेश, ट्रॉफी लेने मंच पर नहीं पहुंची टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हालांकि, खिताबी जीत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा मैदान पर हुए मुकाबले की नहीं, बल्कि प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ट्रॉफी लेने से जुड़े फैसले की रही।
प्रेजेंटेशन के दौरान एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने के लिए मंच पर मौजूद थे। लेकिन भारतीय महिला टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंची और ड्रेसिंग रूम में ही रही। नकवी के मंच से हटने के बाद ही टीम की ओर से ट्रॉफी लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
इस पूरे घटनाक्रम को पिछले साल के पुरुष एशिया कप फाइनल से जोड़कर देखा जा रहा है। सितंबर 2025 में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने भी नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार किया था। उस समय नकवी ACC अध्यक्ष होने के साथ-साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन भी थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस ट्रॉफी को लेकर विवाद अब तक पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
महिला एशिया कप फाइनल से पहले ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि अगर भारत चैंपियन बनता है तो ट्रॉफी कौन प्रदान करेगा। बताया गया कि BCCI ने ACC को अपनी स्थिति से पहले ही अवगत करा दिया था। इसके बावजूद नकवी प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान मंच पर मौजूद रहे।
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने टीम के फैसले का समर्थन किया। वहीं, स्टेडियम में मौजूद BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी भारतीय टीम के सदस्यों से बातचीत करते नजर आए। बाद में नकवी स्टेडियम से रवाना हो गए|
हालांकि विवाद से इतर मैदान पर भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 129 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। भारत ने निर्धारित पारी में 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को महज 111 रन पर ऑलआउट कर दिया और भारत ने 72 रन से मुकाबला जीतकर आठवीं बार महिला एशिया कप अपने नाम कर लिया।



