19 Sep 2026, 05:46 PM

मारुति सुजुकी ने रचा नया इतिहास, जुलाई में रिकॉर्ड 2.48 लाख कारों का प्रोडक्शन
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने जुलाई 2026 में उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने एक महीने में अब तक का सबसे अधिक 2,48,845 वाहनों का उत्पादन किया, जो पिछले साल जुलाई के मुकाबले 33 प्रतिशत अधिक है।
इससे पहले कंपनी का सबसे बड़ा मासिक उत्पादन मार्च 2026 में 2,31,933 यूनिट्स का था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है। रिकॉर्ड उत्पादन के साथ-साथ कंपनी ने घरेलू बाजार में भी शानदार प्रदर्शन किया। जुलाई में पैसेंजर व्हीकल्स की होलसेल बिक्री बढ़कर 1,96,203 यूनिट्स पहुंच गई, जो एक साल पहले की तुलना में 43 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) सहित कुल घरेलू बिक्री 2,00,123 यूनिट्स के रिकॉर्ड स्तर पर रही।
मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एवं सेल्स) पार्थो बनर्जी ने बताया कि भारी मांग के चलते डीलर नेटवर्क में स्टॉक केवल 16 दिनों का बचा है, जबकि ऑटो इंडस्ट्री में सामान्य तौर पर 30 दिनों का स्टॉक माना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के पास फिलहाल करीब 1.6 लाख वाहनों की लंबित बुकिंग है।
मॉडल-वार उत्पादन की बात करें तो बलेनो, स्विफ्ट और सेलेरियो जैसे कॉम्पैक्ट मॉडल्स का उत्पादन 1,13,067 यूनिट्स रहा, जबकि ब्रेज़ा, अर्टिगा और फ्रॉन्क्स जैसी यूटिलिटी गाड़ियों का उत्पादन बढ़कर 1,02,787 यूनिट्स पहुंच गया। वहीं, ऑल्टो और एस-प्रेसो की 13,964 यूनिट्स, ईको वैन की 14,627 यूनिट्स और सुपर कैरी की 4,400 यूनिट्स का उत्पादन किया गया।
कंपनी ने बताया कि गुजरात के हंसलपुर स्थित प्लांट-डी में उत्पादन शुरू होने के बाद हरियाणा और गुजरात में उसकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़कर 29 लाख यूनिट्स हो गई है।



