
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों से दिल्ली के सेंट्रल इलाके और आसपास के 16 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक रोक दी गई है। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।
अगले आदेश तक बंद रहेंगे ये 16 स्टेशन
लोक कल्याण मार्ग
राजीव चौक
पटेल चौक
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
बाराखंभा रोड
सुप्रीम कोर्ट
सेवा तीर्थ
जनपथ
मंडी हाउस
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
आईटीओ
दिल्ली गेट
इंद्रप्रस्थ
खान मार्केट
जोर बाग
शिवाजी स्टेडियम
इन 3 स्टेशनों पर सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा
राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्री मेट्रो लाइन बदल सकेंगे। हालांकि, इन स्टेशनों से बाहर निकलने या इनमें प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। इन स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या परिवहन के अन्य साधनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
CJP के प्रदर्शन का 33वां दिन
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन आज 33वें दिन भी जारी है। बुधवार सुबह से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी यहां जुटे हैं। इनमें 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए प्रदर्शनकारी भी शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अलग-अलग थानों में 10 FIR दर्ज की हैं। प्रदर्शनकारियों पर RAF जवानों पर हमले, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं।